रामबन। बनिहाल क्षेत्र के चमलवास-नीलटॉप लिंक रोड पर लेवेरा के पास शनिवार शाम एक कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद बनिहाल पुलिस की टीम, स्थानीय गैर-सरकारी संगठनों के स्वयंसेवक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दोनों युवकों को खाई से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक हादसे का कारण वाहन चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। इसके बाद कार सड़क से फिसलकर चमलवास के लेवेरा इलाके में गहरी खाई में जा गिरी।
उप जिला अस्पताल बनिहाल के अधिकारियों ने मृतकों की पहचान मोहम्मद आमिर (27) पुत्र मोहम्मद शफी चोपान निवासी नील और जीशान लतीफ वानी (26) पुत्र अब्दुल लतीफ वानी निवासी नील बाटू के रूप में की है।