रामनगर। कस्बे में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस थाना रामनगर और नागरिक प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से रन फॉर यूनिटी रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया।
विज्ञापन
शनिवार सुबह करीब 10 बजे एसडीएम रामनगर नजमा ए सलाम के नेतृत्व में तहसील कार्यालय से रन फॉर यूनिटी रैली को रवाना किया गया। रैली कस्बे के मुख्य बाजार से होते हुए राजकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल रामनगर पहुंचकर संपन्न हुई। इसके बाद राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व को दर्शाने के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।