रामनगर। तहसील बसंतगढ़ की होनहार बेटियों भव्या महाजन और भूमिका महाजन ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र और जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन किया है। लुधियाना में आयोजित इलीट शो (नेशनल लेवल) में आठ वर्षीय भव्या महाजन ने डांस प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से बेस्ट परफॉर्मर अवॉर्ड अपने नाम किया। वहीं उनकी बड़ी बहन भूमिका महाजन (21) ने मॉडलिंग प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल कर परिवार और क्षेत्र को गौरवान्वित किया।
भव्या और भूमिका, बसंतगढ़ निवासी अनिल कुमार गुप्ता एवं सुमन लता की बेटियां हैं। दोनों बहनों ने बचपन से ही कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में गहरी रुचि दिखाई है। परिवार के सहयोग, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के बीच दोनों बहनों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर निर्णायकों और दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
दोनों के माता-पिता ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी शुभचिंतकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे अपनी बेटियों को आगे भी हर संभव सहयोग देंगे ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जम्मू-कश्मीर और देश का नाम और अधिक रोशन कर सकें।