रामनगर। गर्मियों की वार्षिक छुट्टियों के तहत वीरवार से रामनगर का मुख्य बाजार बंद हो गया। व्यापार मंडल की तरफ से पूर्व में लिए गए निर्णय के अनुसार 11 जून से 14 जून तक चार दिनों की छुट्टियां घोषित की गई हैं।
छुट्टियों के पहले दिन कस्बे के मुख्य बाजार में अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे जबकि आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हलवाई, ढाबा, टी-स्टॉल, सब्जी, फल तथा दवाइयों की दुकानें खुली रहीं।
जानकारी के अनुसार व्यापार मंडल रामनगर के प्रधान जोगिंदर बांगाथिया ने कुछ दिन पूर्व व्यापारियों की बैठक आयोजित कर गर्मियों की छुट्टियां मनाने का प्रस्ताव रखा था। बैठक में व्यापारियों की सहमति के बाद 11 से 14 जून तक बाजार बंद रखने का निर्णय लिया गया था।
इसके चलते वीरवार को कपड़ा, बर्तन, मनियारी, इलेक्ट्रॉनिक्स, हार्डवेयर, स्वर्णकार, किरयाना, होलसेल, फोटोग्राफी, रेडीमेड तथा जूता-चप्पल सहित अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
रेहड़ी-फड़ी यूनियन के प्रधान सूरम चंद ने बताया कि बढ़ती गर्मी के कारण फल एवं सब्जियां जल्दी खराब हो जाती हैं। इसी कारण रेहड़ी-फड़ी संचालकों ने अपनी दुकानें नियमित रूप से संचालित रखने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि जो विक्रेता अपनी इच्छा से छुट्टी करना चाहता है, वह कर सकता है।
वहीं हलवाई यूनियन के प्रधान सूरम चंद खजूरिया ने बताया कि दूध, दही, पनीर एवं अन्य दैनिक उपभोग की वस्तुओं की मांग लगातार बनी रहती है। इसलिए अधिकांश हलवाई अपनी दुकानें बंद नहीं कर सकते।
ढाबा संचालकों ने भी बाजार बंदी के दौरान अपने प्रतिष्ठान खुले रखने का फैसला किया है। ढाबा संचालक नेकराम, बलजीत सिंह, अजय शर्मा और बोध राज ने बताया कि बस यात्रियों, चालक-परिचालकों तथा विभिन्न गांवों से सरकारी कार्यालयों और बैंकों में कामकाज के लिए आने वाले लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ढाबे खुले रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यक सेवाओं को देखते हुए ढाबों का संचालन जारी रहेगा। चार दिनों की इस बाजार बंदी के दौरान आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं से जुड़ी दुकानें सामान्य रूप से कार्य करती रहेंगी।