फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: कुलवंता ब्लाक में न तो यात्री शेड, न ही शौचालय की सुविधा

विज्ञापन
विज्ञापन
रामनगर। तहसील रामनगर के अंतर्गत आने वाले कुलवंता ब्लॉक मुख्यालय में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने रामनगर प्रशासन सहित विधायक सुनील भारद्वाज से कुलवंता में जल्द समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है।
विज्ञापन

इंचा पंचायत के पूर्व सरपंच गुलाम मोहम्मद बांडे, पूर्व पंच सुषमा देवी, मोवीन बांडे, सुदेश कुमार, अजय सिंह ने बताया ब्लॉक कुलवंता में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए पहुंचते हैं, लेकिन उनके लिए न तो यात्री शेड की व्यवस्था है और न ही शौचालय की सुविधा उपलब्ध है।
पूर्व सरपंच ने कहा कि कुलवंता ब्लॉक के अंतर्गत 9 पंचायतें आती हैं और इन पंचायतों में करीब 50 हजार की आबादी निवास करती है। इन पंचायतों से प्रतिदिन लगभग एक हजार ग्रामीण अपने जरूरी कामों के लिए कुलवंता स्थित सरकारी कार्यालयों में पहुंचते हैं। यहां ग्रामीण विकास विभाग, जेडीओ कार्यालय, नायब तहसीलदार कार्यालय, डिस्पेंसरी, जेके बैंक और सरकारी हाई स्कूल सहित कई महत्वपूर्ण संस्थान संचालित हैं।
विज्ञापन

ग्रामीणों का कहना है कि जब वे अपने सरकारी काम निपटाकर वापस अपने गांवों की ओर लौटना चाहते हैं तो उन्हें वाहनों का लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। इस दौरान उनके बैठने या धूप और बारिश से बचने के लिए किसी प्रकार का यात्री शेड नहीं बनाया गया है। वहीं शौचालय की व्यवस्था न होने से खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि ब्लॉक मुख्यालय होने के बावजूद यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। ग्रामीणों ने रामनगर प्रशासन सहित विधायक से मांग की है कि जल्द से जल्द यहां यात्री शेड और सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाए ताकि दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सरकार द्वारा विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति कुछ और ही नजर आती है। यदि जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों को मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।

कोट
हर रोज कई ग्रामीण अपने कार्य से कुलवंता ब्लॉक आते हैं, लेकिन यहां बैठने के लिए कोई जगह नहीं है। कई बार घंटों तक सड़क किनारे खड़े रहकर वाहन का इंतजार करना पड़ता है। प्रशासन जल्द यात्री शेड का निर्माण कार्य शुरू करवाए।
-मोवीन बांडे, स्थानीय निवासी
कुलवंता में शौचालय की सुविधा न होने से महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है। प्रशासन से मांग है कि यहां जल्द से जल्द सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाए।
- सुषमा देवी, पूर्व पंच लड़ाना
कुलवंता ब्लॉक मुख्यालय पर रोजाना हजारों लोग अपने कामों के लिए आते हैं, लेकिन यहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। प्रशासन से मांग है कि जल्द यात्री शेड और शौचालय का निर्माण कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
विज्ञापन

-गुलाम मोहम्मद बांडे, पूर्व सरपंच इंचा
कुलवंता में कई सरकारी कार्यालय होने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। यदि प्रशासन इस दिशा में पहल करे तो हजारों ग्रामीणों को राहत मिल सकती है।(
-सुदेश कुमार, स्थानीय ग्रामीण
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें