रामनगर। रामनगर से बलोता चीगला गांव में पस्सियां गिरने से यात्री बस सेवा पिछले दो माह से सुचारू रूप से बंद पड़ी हुई है। इस कारण कई यात्रियों को 17 किलोमीटर पैदल सफर तय करके मंजिल तक पहुंचना पड़ता है गांववासियों ने पीएमजीएसवाई विभाग को मार्ग पर पड़ी पस्सियों को हटाने की मांग की है।
बता दें, पिछले दिनों हुई बारिश की वजह से कई मार्ग बंद हो चुके थे लेकिन प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत पड़ते कई मार्ग खोलने का कार्य शुरू हुआ लेकिन रामनगर के बलोता चीगला मार्ग अभी भी पस्सियां गिरने की वजह से बंद पड़ा हुआ है।
बलोता चीगला के पूर्व सरपंच भीम सिंह ने बताया पिछले दो माह से यात्री बस सेवा बंद है। रामनगर से बस सेवा सियामेरी गांव तक ही आ रही है, लेकिन वहां से 17 किलोमीटर बलोता गांव में आठ जगहों पर पस्सियां गिरने की वजह से यात्री बस नहीं पहुंच पा रही है। इस कारण आने जाने वाले सभी यात्रियों को 17 किलोमीटर का सफर तीन घंटे पैदल तय करके अपनी मंजिल तक पहुंचते हैं। अगर कोई गांव में बीमार हो जाए तो उसे पालकी, घोड़े पर बिठाकर यात्री वाहनों तक पहुंचाया जाता है ताकि वाहनों के जरिए अस्पताल पहुंचकर उसका इलाज हो सके। पूर्व सरपंच ने बताया कि विभाग से समस्या के समाधान की मांग की है।