उधमपुर। लंबित मामलों के बोझ को कम करने और आम लोगों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला उधमपुर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान आपसी सहमति से मामलों के निपटारे पर विशेष जोर दिया गया। लोक अदालत में कुल 589 मामलों को रखा गया, जिनमें से 526 मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा कर दिया गया। इन मामलों में कुल 8,05,200 रुपये की समझौता राशि तय की गई।
यह विशेष लोक अदालत ट्रैफिक चालान, दीवानी विवादों और चेक बाउंस से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए आयोजित की गई थी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) उधमपुर की अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कल्पना रेवो की अध्यक्षता में आयोजित इस लोक अदालत का समग्र पर्यवेक्षण डालसा सचिव एवं सब-जज सुमति शर्मा ने किया।
लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को एक ऐसा मंच उपलब्ध करवाया गया, जहां वे बिना लंबी कानूनी प्रक्रिया और आपसी विवाद को बढ़ाए, बातचीत एवं सहमति से अपने मामलों का समाधान कर सके। 526 मामलों का निपटारा होना इस आयोजन का प्रमुख परिणाम रहा, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिली। वहीं, न्यायिक सेवाओं को जिले के दूरदराज क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से टीएलएससी रामनगर, मजालता और चिनैनी में भी विशेष लोक अदालतों का आयोजन किया गया।