उधमपुर। शहर से लेकर गांवों तक स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए उधमपुर जिला प्रशासन और नगर परिषद ने व्यापक स्तर पर कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। शहरी क्षेत्रों में करीब 10 माह से बंद पड़ी डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा दोबारा शुरू होने जा रही है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों की सभी 236 पंचायतों में भी घर-घर से कचरा उठाने की सेवा शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही शहर में 41.50 लाख रुपये की लागत से ठोस कचरा स्थानांतरण केंद्र स्थापित करने की योजना पर काम शुरू हो गया है। इसके लिए डंपर मशीन की खरीद, निर्माण और स्थापना को लेकर टेंडर जारी किया गया है। इन पहलों से जिले में कचरे के संग्रहण, परिवहन और निस्तारण की व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ शहरों और गांवों को स्वच्छ बनाने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है।
नगर परिषद की ओर से ठेकेदारी व्यवस्था के तहत शहर के सभी 21 वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा चलाई जाती है। शहर की सफाई व्यवस्था में इस सेवा की अहम भूमिका रहती है। इसके तहत हर साल नया अनुबंध किया जाता है, लेकिन बीते साल ठेकेदार के साथ लेनदेन को लेकर विवाद पैदा होने के कारण अनुबंध की निर्धारित अवधि समाप्त होने से करीब दो माह पहले ही सेवा बंद हो गई थी।
नियमों के मुताबिक नए वित्त वर्ष में नया करार कर इस सेवा को दोबारा शुरू किया जाना था लेकिन इस बार टेंडर प्रक्रिया पूरी होने में दस माह से अधिक का समय लग गया। इसके चलते शहरवासियों को घर-घर से कचरा उठाने की सुविधा नहीं मिल पाई और सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हुई। अब नई कंपनी के साथ अनुबंध की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सेवा बहाल होने जा रही है। इससे शहर के वार्डों और बाजारों में कचरे के नियमित उठान की उम्मीद जगी है।
41.50 लाख से बनेगा ठोस कचरा स्थानांतरण केंद्र
शहर में कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से ठोस कचरा स्थानांतरण केंद्र स्थापित करने की योजना तैयार की गई है। इस पर 41.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए डंपर मशीन की खरीद, निर्माण और स्थापना को लेकर टेंडर जारी कर दिया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और स्थान का चयन होने के बाद योजना पर आगे काम शुरू किया जाएगा।
इस केंद्र के स्थापित होने से शहर में एकत्रित होने वाले कचरे के संग्रहण और परिवहन की व्यवस्था अधिक व्यवस्थित हो सकेगी। इससे कचरे को इधर-उधर जमा करने की समस्या कम होगी, परिवहन में लगने वाले समय की बचत होगी और शहर में बड़े डंपिंग प्वाइंट की समस्या को खत्म करने में भी मदद मिलेगी।
236 पंचायतों में भी घर-घर से उठेगा कचरा
शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों में भी स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल की है। कुछ दिन पहले जिले की सभी 236 पंचायतों के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा शुरू की गई है। इसके तहत कचरा संग्रहण वाहन प्रत्येक पंचायत में पहुंचकर घरों से कचरा एकत्रित करेगा और उसे निर्धारित स्थान पर ले जाकर निस्तारित किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी कचरे को खुले में फेंकने की समस्या पर अंकुश लगाने और गांवों को साफ-सुथरा बनाए रखने में मदद मिलेगी।
कचरा प्रबंधन को लेकर प्रशासन के प्रयास सराहनीय
शहरवासियों ने शहरी और ग्रामीण दोनों स्तरों पर कचरा प्रबंधन को लेकर किए जा रहे प्रशासनिक प्रयासों को सराहनीय बताया है। स्थानीय निवासी राजवीर, हंसराज, सुभाष शर्मा, सुरिंदर सिंह, कुलदीप गुप्ता सहित अन्य लोगों का कहना है कि शहर के 21 वार्डों में डोर-टू-डोर सेवा की बहाली, 236 पंचायतों में घर-घर से कचरा संग्रहण और ठोस कचरा स्थानांतरण केंद्र बनाने की योजना स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उनका कहना है कि यदि इन योजनाओं का नियमित और प्रभावी ढंग से संचालन किया जाता है तो शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है।
कोट
शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा की बहाली के लिए नई कंपनी के साथ करार की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। नई कंपनी ने काम करना शुरू कर दिया है और अगले एक-दो दिन में पूरी तरह अपनी जिम्मेदारी संभाल लेगी। इसके बाद शहर के सभी 21 वार्डों में घरों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का नियमित संग्रहण शुरू हो जाएगा। इसके अतिरिक्त शहर में ठोस कचरा स्थानांतरण केंद्र बनाने को लेकर भी कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए जगह का चयन होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सद्दाम हुसैन, सीईओ, नगर परिषद, उधमपुर