उधमपुर। उधमपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क को और बेहतर बनाने के लिए इस वर्ष तीन महत्वपूर्ण पुलों को मंजूरी मिली है। इन पुलों के निर्माण से दूरदराज के गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के साथ बरसात के दौरान नालों एवं जलधाराओं के कारण प्रभावित होने वाले आवागमन को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक पवन गुप्ता की तरफ से साझा की गई जानकारी के मुताबिक स्वीकृत कार्यों में उधमपुर से मालती मार्ग पर एक और मौंगरी-लड्डा मार्ग पर दो पुलों का निर्माण शामिल है।जानकारी के मुताबिक इन तीनों परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत करीब 14.95 करोड़ रुपये है, जबकि इनके लिए करीब 1.62 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। इन पुलों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को मजबूती मिलने के साथ लोगों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित होने की उम्मीद है।
विधायक का कहना है कि इन पुलों का विशेष लाभ बरसात के मौसम में स्थानीय लोगों को मिलने की संभावना है। नालों और जलधाराओं पर स्थायी पुल बनने से पानी का स्तर बढ़ने के दौरान रास्ते बंद होने की समस्या कम होगी। इससे किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। साथ ही गांवों में आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही और स्थानीय परिवहन व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी।
मौंगरी-लड्डा मार्ग पर दो पुलों की मंजूरी ग्रामीण संपर्क के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इन पुलों के निर्माण से इस मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को सुरक्षित और बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
सोमराज, शाम लाल, संदूर सिंह, अर्जुन कुमार, विकास गुप्ता व अन्य ग्रामीणों का कहना है कि पुलों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ लोगों को लंबे समय तक बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।