रामनगर। बसंतगढ़ तहसील के अंतर्गत पड़ते बाली रसली ठकराई, रसली गधेरण और छत्रराडी पंचायतों में भूमि संबंधी समस्याओं और सीमांकन को लेकर ग्रामीणों की शिकायतों के बाद राजस्व एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भूमि विवाद और सीमा निर्धारण से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
रविवार के दिन संयुक्त निरीक्षण में राजस्व विभाग के पटवारी सुतिंदर सिंह तथा वन विभाग की ओर से पलूम सिंह और ओम दत्त मौजूद रहे। टीम ने संबंधित क्षेत्रों का जायजा लेते हुए स्थानीय लोगों से भूमि एवं सीमांकन से जुड़े मामलों की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर वन विभाग की ओर से कथित तौर पर जबरन सीमा बिंदु स्थापित किए गए हैं। इससे प्रभावित लोगों में असमंजस और चिंता की स्थिति बनी हुई है।
ग्रामीण राम नाथ, पवन रासल, शंकर दास, देश राज, बिशन दास, भूषण कुमार, बलदेव सिंह सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि भूमि और वन सीमा से जुड़े मामलों में मौके की वास्तविक स्थिति तथा राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने अधिकारियों के समक्ष मांग रखी कि सीमांकन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमानुसार हो, ताकि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय न हो। ग्रामीणों ने कहा कि भूमि संबंधी मामलों का समाधान प्रशासनिक रिकॉर्ड और मौके की स्थिति का मिलान करने के बाद ही किया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने संबंधित विभागों से अपील की कि भूमि एवं सीमा विवादों का निष्पक्ष और कानूनी तरीके से सत्यापन करवाकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए।