उधमपुर। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ''''नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान'''' के तहत उधमपुर पुलिस ने आरोपी की करीब 45 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार एनडीपीएस अधिनियम के तहत बारामुला जिले के हमदानिया कॉलोनी, नादिहाल निवासी मोहम्मद रुस्तम शाह के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
यह मामला पुलिस स्टेशन रेहम्बल में दर्ज एफआईआर से जुड़ा हुआ है। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से संपत्ति बनाई थी। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने अपनी पत्नी शनाजा अख्तर के नाम पर एक आवासीय भवन ( हमदानिया कॉलोनी, नादिहाल, बारामुला) तथा एक कार भी खरीदी थी। पुलिस ने इन सभी संपत्तियों, मकान, जमीन और वाहन को एनडीपीएस अधिनियम के तहत जब्त कर लिया है।
उधमपुर पुलिस ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। युवाओं को नशे से बचाने के लिए जागरूकता अभियान भी लगातार चलाए जाएंगे। गौर है कि इस अभियान के तहत अब तक उधमपुर पुलिस द्वारा कुल 80 लाख रुपये की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं।