उधमपुर। शहर के वार्ड नंबर 14 में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। त्रिदेव शॉप से लेकर देविंदर गुप्ता के घर तक लेन (गली) और ड्रेन (नाली) निर्माण का कार्य जल्द ही शुरू होगा। इस परियोजना के लिए करीब तीन लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है। लोक निर्माण विभाग की तरफ से इस कार्य योजना की टेंडर प्रक्रिया भी जारी कर दी गई है। इससे अब काम के जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार इस क्षेत्र में लंबे समय से जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। गली की स्थिति भी खराब थी। इससे लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता था। कई बार इस समस्या को लेकर प्रशासन से मांग की गई थी जिसके बाद अब यह कार्य स्वीकृत हुआ है।
स्थानीय नीरज गुप्ता, राघव, मोहन लाल, विनय कुमार व अन्य का कहना है कि इस कार्य के पूरा होने से क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार होगा और बीमारियों के फैलने का खतरा भी कम होगा। साथ ही लोगों के दैनिक जीवन में भी सुविधा बढ़ेगी। कुल मिलाकर वार्ड नंबर 14 में यह निर्माण कार्य क्षेत्र के विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि काम कितनी जल्दी शुरू होता है और निर्धारित समय में पूरा होता है।
कोट
वार्ड 14 में गली और नाली के निर्माण कार्य को लेकर टेंडर जारी कर दिया गया है। इसकी प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
-
रोहित गुप्ता, एईई , लोक निर्माण विभाग