विधानसभा में दैनिक वेतनभोगियों के मुद्दों पर अपनी बात रखते विधायक डाॅ. सुनील भारद्वाज।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। विधानसभा में रामनगर के विधायक डॉ. सुनील भारद्वाज की तरफ से दैनिक वेतनभोगियों और संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण का मुद्दा उठाया गया। उन्होंने बताया कि सरकार ने विभिन्न विभागों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, संविदा कर्मचारी एवं एड-हॉक कर्मचारियों के नियमितीकरण से जुड़े मुद्दों पर विचार करने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति के गठन की घोषणा की है।
विधानसभा में डॉ. सुनील भारद्वाज द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में सरकार ने बताया कि 19 मार्च 2025 को इस समिति का गठन किया गया है। समिति को विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों के नियमितीकरण से संबंधित विषयों का मानवीय, कानूनी एवं वित्तीय दृष्टिकोण से परीक्षण कर एक समग्र कार्ययोजना सुझाने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. भारद्वाज ने बताया कि यदि सरकार की मंशा इन कर्मचारियों को नियमित करने की होती तो बजट में इसके लिए राजस्व व्यय का प्रावधान किया जाता। उन्होंने अफसोस जताया कि नियमितीकरण नीति लागू करने के लिए कोई निश्चित समय-सीमा निर्धारित नहीं की गई है। डॉ. भारद्वाज ने कहा कि भाजपा इन कर्मचारियों के अधिकारों के लिए विधानसभा के भीतर और बाहर संघर्ष जारी रखेगी तथा सरकार पर दबाव बनाएगी कि जल्द से जल्द नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाए।