उधमपुर। शहर में व्याप्त विभिन्न नागरिक समस्याओं को लेकर व्यापार मंडल के एक शिष्टमंडल ने सोमवार को नगर परिषद कार्यालय में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सद्दाम हुसैन से मुलाकात की। शिष्टमंडल का नेतृत्व व्यापार मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र बरमानी ने किया।
मुलाकात के दौरान व्यापारियों ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा के बाधित होने से उत्पन्न परेशानियों सहित शहर से जुड़ी कई अन्य प्रमुख समस्याओं को सीईओ के समक्ष रखा और इनके शीघ्र समाधान की मांग की।
व्यापार मंडल अध्यक्ष जितेंद्र बरमानी ने बताया कि घर-घर से कचरा उठाने की सेवा बंद होने के कारण शहरवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर सीईओ सद्दाम हुसैन ने जानकारी दी कि पुराना टेंडर समाप्त हो जाने के कारण यह सेवा प्रभावित हुई है, जबकि नए टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होते ही सेवा को पुनः सुचारू कर दिया जाएगा। साथ ही कचरा संग्रहण सेवा की निगरानी जियो-टैगिंग के माध्यम से और प्रभावी की जाएगी।
इसके अतिरिक्त व्यापार मंडल ने शहर के बदहाल चौक-चौराहों की स्थिति में सुधार, खराब स्ट्रीट लाइटों को बदलने, पार्कों के झूलों व ओपन एयर जिम के समुचित रखरखाव, डंपिंग स्टेशनों के लिए नए स्थानों के चयन तथा डंपिंग स्टेशनों से सुबह आठ बजे से पहले कचरा उठाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की।
सीईओ सद्दाम हुसैन ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि नगर परिषद द्वारा इन समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।