उधमपुर। जलशक्ति विभाग ने शहर के उपभोक्ताओं से लंबित पानी बिलों का शीघ्र भुगतान करने के लिए कहा है। विभाग के अनुसार शहर में करीब चार हजार उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने पिछले एक दशक से पानी का बिल जमा नहीं कराया है। इससे विभाग पर 12 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। अन्य उपभोक्ताओं पर भी करीब 6 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बकाया है।
विभाग ने 10 साल से अधिक समय से बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं को 31 मार्च तक अंतिम मौका देते हुए चेतावनी जारी की है। निर्धारित समय सीमा तक बिल जमा नहीं कराने की स्थिति में पानी के कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
जलशक्ति विभाग के एईई अखिलेश गुप्ता ने बताया कि शहर में विभाग के कुल करीब 18 हजार उपभोक्ता हैं जिनमें से लगभग चार हजार उपभोक्ता लंबे समय से पानी का बिल जमा नहीं कर रहे हैं। इनमें घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ बड़े व्यावसायिक उपभोक्ता भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते बकाये के कारण विभाग को अब सख्त कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
एईई अखिलेश गुप्ता ने कहा कि यदि उपभोक्ताओं को बेहतर जल सुविधा चाहिए तो समय पर बिल का भुगतान करना भी आवश्यक है। फिलहाल विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं को एक महीने का समय दिया है। यदि 31 मार्च तक भुगतान नहीं किया गया, तो विभाग मजबूरन कनेक्शन काटने जैसी सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि जो उपभोक्ता कार्यालय आकर बिल जमा नहीं कर सकते, वे ऑनलाइन माध्यम से भी अपने पानी का बिल जमा कर सकते हैं। यह सुविधा लगभग दो सप्ताह पहले ही शुरू की गई है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं पर एक साल से अधिक का बकाया है उन्हें भी 31 मार्च तक भुगतान करना होगा, अन्यथा आगामी वर्ष उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।