भद्रवाह। भद्रवाह में ताजा बर्फबारी के बाद सड़कों से बर्फ हटाने का काम शुरू किया गया है। एडीसी सुनील कुमार भुत्याल ने शनिवार को भद्रवाह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जारी बर्फ हटाने के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों की बहाली की स्थिति का जायजा लिया और आम जनता की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एडीसी ने जय रोड, घट्ट, उदराना, चंबा रोड तथा नाल्ठी सहित प्रमुख इलाकों का दौरा किया। उन्होंने बर्फ हटाने के कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यों में और तेजी लाई जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस मौके पर एसपी जेल हमीदुल्लाह नाइक, नायब तहसीलदार भद्रवाह परमप्रीत सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने एडीसी को बर्फबारी के बाद की स्थिति और की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शीतकाल के दौरान आवश्यक सेवाओं को निर्बाध बनाए रखना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बर्फ हटाने के कार्य निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जनजीवन सामान्य बना रहे।