उधमपुर। लगातार बढ़ रही बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमीत मगोत्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शनिवार को शहर में रोष रैली निकाली। यह रोष रैली शहीद भगत सिंह पार्क से शुरू होकर शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए बिजली विभाग के कार्यालय तक पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग और एसएलडीसी के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बिजली कटौती बंद करो जैसे नारे लिखे बैनर लेकर और बिजली विभाग हाय-हाय, बिजली विभाग होश में आओ और एसएलडीसी मुर्दाबाद के नारे लगाए। एक्सईएन से मुलाकात कर लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती पर जवाब मांगा। सुमीत मगोत्रा ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने से पहले जनता से यह वादा किया गया था कि जिन क्षेत्रों में 100 प्रतिशत स्मार्ट मीटर लग जाएंगे, वहां 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। सच्चाई इसके बिल्कुल उलट है। मगोत्रा ने चेतावनी दी कि यदि बिजली विभाग और एसएलडीसी ने जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं किया और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की तो कांग्रेस पार्टी आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी। इस मौके पर जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे और जनता के साथ एकजुटता जताते हुए भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी जनता के हक और बुनियादी जरूरतों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। प्रदर्शन में अनिल पचियाला, गोपाल खजूरिया, सुनील, रामपाल भगत, पूर्व सरपंच हंसराज ठाकुर, बलवान व अन्य वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और आम लोग भी शामिल थे।