उधमपुर। स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पंचैरी के प्रथम तल के शेष मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य 17.14 लाख रुपये की लागत से जल्द पूरा किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने के लिए पीएचसी में जरूरी विकास कार्य पूरे किए जा रहे हैं। इनमें प्रथम तल पर लंबे समय से कुछ कार्य अधूरे पड़े थे, जिससे मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। मरम्मत एवं नवीनीकरण के बाद भवन की स्थिति बेहतर होगी और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में भी सुधार आएगा।
कार्य पूर्ण होने पर अतिरिक्त कक्ष, बेहतर बैठने की व्यवस्था, साफ-सुथरे वार्ड और आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
वहीं इसको लेकर शमशेर सिंह, संजय शर्मा, विकास सिंह, अक्षय ठाकुर व अन्य ग्रामीणों का कहना है कि पंचैरी और आसपास के गांवों के लिए यह स्वास्थ्य केंद्र बेहद महत्वपूर्ण है। यहां बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं। नवीनीकरण के बाद उन्हें बेहतर माहौल में इलाज की सुविधा मिलेगी और गंभीर रोगियों को प्राथमिक उपचार में भी सहूलियत होगी। इससे ग्रामीणों को दूर के अस्पतालों में जाने की मजबूरी भी कम होगी।