उधमपुर। ब्लाॅक चिनैनी की पंचायत कटलावट के रंगी गांव में जल्द सामुदायिक शेड का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के लिए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सामुदायिक शेड का निर्माण होने से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और गांव में एक नई पहचान बनेगी।
इस विकास कार्य के लिए 10.93 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। क्षेत्रवासियों के मुताबिक ग्रामीण इलाका होने के कारण यहां अक्सर सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयुक्त स्थान की कमी महसूस की जाती है। पंचायत वासी लंबे समय से यहां सामुदायिक भवन बनाने की मांग कर रहे थे ताकि उन्हें सार्वजनिक आयोजनों व जनसभाओं के लिए आने वाली समस्या का समाधान हो सके।
वहीं इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्थानीय निवासी मोहित दुबे, नरेश कुमार, सुरजीत चंद, विक्रांत अंताल व अन्य का कहना है कि क्षेत्र में सामुदायिक शेड बनने से उन्हें विवाह, धार्मिक आयोजन, पंचायत बैठकों तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। इससे स्थानीय युवाओं को भी सुविधा मिलेगी और यहां वे सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद संबंधी बैठकों और प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन कर पाएंगे।
इसके अलावा महिलाओं के लिए भी यह हॉल आत्मनिर्भरता से जुड़े कार्यक्रमों और स्वयं सहायता समूहों की बैठकों का केंद्र बन सकेगा। यह एक सराहनीय पहल है। इससे न केवल सामाजिक एकता मजबूत होगी बल्कि गांव में कार्यक्रमों और आयोजनों के लिए बाहरी निर्भरता भी समाप्त होगी।