उधमपुर। शनिवार को दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहने से मौसम में लंबे समय बाद बदलाव नजर आया। इससे पिछले करीब डेढ़ माह से पूरी तरह से खुश्क बने मौसम की एकरूपता तो टूट गई लेकिन तापमान में गिरावट से ठंड का प्रकोप भी काफी बढ़ गया। पहले जहां सुबह और शाम के समय सुखी ठंड के बावजूद दिन के समय निकल रही तेज धूप राहत प्रदान कर रही थी वहीं शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने और शीत लहर का प्रकोप बढ़ने से दिन के समय भी ठंड का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहने से तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड बढ़ने के आसार हैं। हालांकि फिलहाल बारिश की कोई स्पष्ट संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के चलने से मैदानी इलाकों में भी सर्दी का असर तेज हो सकता है।
फिलहाल मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
उधर, स्वास्थ्य विभाग ने भी बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। जीएमसी उधमपुर के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं एचओडी जनरल मेडिसिन डॉ. आबिद के अनुसार ठंड बढ़ने से सर्दी, खांसी, जुकाम और सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। लोगों से अपील की गई है कि वे गर्म कपड़े पहनें, ठंडे वातावरण से बचें। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। विभाग ने गर्भवती महिलाओं, नवजात बच्चों समेत बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी है।