उधमपुर। शहर के दोनों प्रमुख हायर सेकेंडरी स्कूलों (गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल गर्ल्स और गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल बाॅयज) में आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई है। स्कूल प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए निर्धारित बोर्ड सिलेबस का लगभग 95 प्रतिशत हिस्सा पूरा किया जा चुका है। इसमें प्रैक्टिकल सत्र भी सफलापूर्वक संपन्न किए गए हैं। अब शेष समय में रिवीजन, टेस्ट और विद्यार्थियों की शंकाओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिक्षकों का मानना है कि नियमित रिवीजन, अभ्यास और मानसिक संतुलन बनाए रखने से विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
विद्यार्थी भी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर गंभीर नजर आ रहे हैं। कई छात्र समूह बनाकर पढ़ाई कर रहे हैं तो कुछ छात्र शिक्षकों से अतिरिक्त मार्गदर्शन ले रहे हैं। सृष्टि पंडोत्रा, खुशी, अवंतिका, साक्षी, नीरज, आर्यन व अन्य विद्यार्थियों का कहना है कि सिलेबस समय पर पूरा होने से अब उन्हें रिवीजन और अभ्यास के लिए पर्याप्त समय मिल रहा है, जिससे आत्मविश्वास बढ़ा है।
-
कोट
शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से ही पढ़ाई को सुनियोजित ढंग से आगे बढ़ाया गया, ताकि बोर्ड परीक्षा से पहले पाठ्यक्रम समय पर पूरा हो सके। नियमित कक्षाओं के साथ-साथ अतिरिक्त क्लासें, डाउट क्लियरिंग सेशन और यूनिट टेस्ट भी आयोजित किए गए। इससे विद्यार्थियों की तैयारी मजबूत हो सके। सिलेबस पूरा होने के बाद अब विषयवार रिवीजन शुरू कर दी गई है। अगस्त से सितंबर माह में मौसम की खराबी के कारण कुछ बाधा तो आई थी लेकिन हमने इस दौरान प्रभावित हुई पढ़ाई को भी कवर कर लिया है।
-
मनोज कुमार जाड, प्राचार्य, गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल बाॅयज उधमपुर
संभावित रूप से मार्च में आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को लेकर सिलेबस 95 तक प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। अब रिविजन पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के पैटर्न और समय प्रबंधन की बेहतर समझ मिल सकेगी। रिवीजन के दौरान कमजोर छात्रों पर विशेष फोकस किया जा रहा है, ताकि वे भी अच्छे अंक प्राप्त कर सकें।
-
पवन सिंह, प्राचार्य, सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल गर्ल्स उधमपुर