उधमपुर। जिले में बढ़ रही सुखी ठंड ने आम लोगों के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक बीते कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री तक लुढ़क चुका है। बीते लगभग दो माह से बारिश नहीं होने से लगातार मौसम खुश्क बना हुआ है। तेज हवाओं और कम नमी के कारण सूखी ठंड का प्रभाव बढ़ गया है। गर्भवती महिलाओं और नवजात की भी खास देखभाल की जरूरत है।
जीएमसी उधमपुर के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं एचओडी जनरल मेडिसिन डॉ. आबिद ने बताया कि लगातार पड़ रही सुखी ठंड में गर्भवती और नवजात के लिए खास देखभाल की जरूरत रहती है। गर्भवती महिलाओं को संक्रमण, डिहाइड्रेशन और हीमोग्लोबिन की कमी जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। गर्भवती महिलाएं गर्म कपड़े पहनें और घर को गर्म रखें, पोषक आहार लें जैसे कि फल, सब्जियां और दालें, हाइड्रेटेड रहें और पर्याप्त पानी पीएं। हलका व्यायाम करें, डाक्टर की सलाह लें और नियमित जांच कराएं।
इसी तरह नवजात शिशुओं को भी गर्म कपड़े पहनाएं। कमरे में हीटर या ब्लोअर का प्रयोग तो करें, लेकिन कमरे को हवादार भी रखें ताकि धुआं या घुटन जैसी स्थिति न बने।