उधमपुर। जिला मुख्यालय उधमपुर में संविधान दिवस देशभक्ति के जोश के साथ मनाया गया। इस मौके जिला प्रशासन की तरफ से डीसी कार्यालय परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में उपायुक्त सलोनी राय की अध्यक्षता में भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की शपथ दिलाई गई। इसमें अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त जुगल किशोर, डाकघर पोषण सुभाष डोगरा, महाप्रबंधक जिला सूचना केंद्र किशोर सिंह कटोच, सहायक आयुक्त राजस्व डॉ. उमेश शान, मुख्य योजना अधिकारी उत्तम सिंह और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
इस दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना पढ़कर सुनाई गई। इसमें संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों और इसके महत्व की पुष्टि की गई।
इस अवसर पर अपने संबोधन में उपायुक्त ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, कि यह दिवस प्रत्येक नागरिक को उसके मौलिक कर्त्तव्यों, राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों और भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने की प्रतिबद्धता की याद दिलाता है। उन्होंने संविधान के उस दृष्टिकोण पर जोर दिया जो न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को बनाए रखता है और सभी अधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने कार्यों में इन सांविधानिक मूल्यों को अपनाएं और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित करें। इससे पहले, समारोह की शुरुआत प्रतिभागियों द्वारा राष्ट्रगान के गायन के साथ हुई।
बाद में, उपायुक्त ने डीसी कार्यालय परिसर से एक मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें छात्रों ने भी भाग लिया। इस मैराथन ने सांविधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया।
इसी तरह सभी जिला कार्यालयों में संविधान दिवस मनाया गया, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने शपथ ली और संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया।