उधमपुर। ब्लाक पंचैरी-मौंगरी की पंचायत सधोता के प्रसिद्ध धार्मिक समताल देवस्थान पर तीर्थ यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए जल्द ही आधुनिक कम्युनिटी शेड का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर 25 लाख रुपये की लागत आएगी। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
समताल देवस्थान क्षेत्र धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां सालभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है, विशेषकर मेलों और पर्वों के दौरान तो हजारों की संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रियों को ठहरने और विश्राम करने की सुविधाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मांग पर अब विभाग ने यहां कम्युनिटी शेड बनाने का निर्णय लिया है। इस शेड का निर्माण आधुनिक डिजाइन पर आधारित होगा, जिसमें तीर्थ यात्रियों के बैठने, विश्राम करने और खराब मौसम से बचाव की पूरी व्यवस्था होगी।
वहीं इस पर खुशी व्यक्त करते हुए स्थानीय सोमराज, कमलेश कुमारी, बोधराज, संजय शर्मा व अन्य का कहना है कि यह परियोजना ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करेगी। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को पहले असुविधा का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब कम्युनिटी शेड बनने से उन्हें ठहरने की जगह मिलेगी। इसके साथ ही ग्रामीण समुदाय भी सामाजिक कार्यों, शादियों और अन्य कार्यक्रमों में इस स्थान का उपयोग कर सकेगा। लोगों ने सरकार और विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विकास कार्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी सकारात्मक प्रभाव डालेगा। श्रद्धालु यहां अधिक समय तक रुक सकेंगे, जिससे आस-पास के छोटे दुकानदारों और विक्रेताओं को भी आय का अवसर मिलेगा।
कोट
समताल देव स्थान पर कम्युनिटी शेड के निर्माण कार्य को लेकर टेंडर जारी कर दिया गया है। इसकी प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा और निर्धारित समय सीमा में इसे पूरा किया जाएगा।
-
संजय कुमार, एक्सईएन, ग्रामीण इंजीनियरिंग विंग