उधमपुर। जिले में डेंगू के लगातार बढ़ते मामलों के बीच मंगलवार रात हुई बारिश ने लोगों के लिए राहत की आस जगा दी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक जिले में डेंगू के कुल 380 मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अधिकतर मरीजों की स्थिति सामान्य है और उन्हें घर पर ही उपचार दिया जा रहा है।
बारिश से पहले ही पिछले 24 घंटे में 26 नए केस दर्ज किए गए थे, जिससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई थी। डेंगू फैलाने वाले मच्छर एडीज-एजिप्टी के प्रजनन को बढ़ावा देने वाला मौसम पिछले कुछ हफ्तों से बना हुआ था, लेकिन बीती रात हुई बारिश से तापमान में गिरावट आने और खुले स्थानों पर जमा पानी बह जाने के कारण संक्रमण की रफ्तार थमने की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं, दीपक गुप्ता, विशाल गुप्ता, नीरज शर्मा, सुदेश कुमार, सुनील सिंह व अन्य स्थानीय निवासियों का कहना है कि बारिश से मौसम में हल्का बदलाव आया है। इससे उम्मीद है कि डेंगू के मामलों में कमी आएगी।
जिला मलेरिया विभाग के सीएचओ विजय कुमार ने बताया कि डेंगू नियंत्रण के लिए लगातार फॉगिंग, लार्वा सर्वे और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। नगर परिषद की टीमों को जलभराव वाले इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे घरों में पानी जमा न होने दें, कूलर और गमलों का पानी नियमित रूप से बदलते रहें।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का भी मानना है कि तापमान में गिरावट से मच्छरों की सक्रियता कम हो जाती है, जिससे संक्रमण की रफ्तार घटती है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।