उधमपुर। जिले की लगभग डेढ़ लाख आबादी की दिनचर्या से जुड़ी बहुप्रतीक्षित सलमेय पुल परियोजना का निर्माण जल्द ही शुरू होने वाला है। संबंधित विभाग की ओर से पुल की साइट क्लीयरेंस और सॉइल टेस्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला मुख्यालय को घोरडी-बरमीन इलाके से जोड़ने वाला सलमेय पुल लगभग तीन साल पहले असुरक्षित कर दिया गया था और वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई थी। इसके बाद नए पुल के निर्माण को लेकर कई तरह की जद्दोजहद चलती रहीं लेकिन पुल का निर्माण नहीं शुरू हो पाया। इससे जिला मुख्यालय सहित घोरडी बरमीन से जुड़ी लगभग डेढ लाख जनता की दिनचर्या प्रभावित हो रही थी। खासकर स्कूली एवं कालेज छात्रों, रोजाना सफर करने वाले कर्मचारियों, व्यापारियों, कारीगरों, दिहाड़ीदारों के लिए जिला मुख्यालय और घोरडी-बरमीन का सफर संघर्ष बन गया था। अब उम्मीद है कि यह समस्या जल्द ही दूर हो जाएगी।
विभाग की ओर से साइट क्लीयरेंस और सॉइल टेस्टिंग की प्रक्रिया पूरी होगी। जल्द ही लगभग 25 करोड़ की लागत से तैयार होने वाले पुल का नींव पत्थर रखकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इस बारे में विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने बताया कि मौजूदा समय में संबंधित विभाग की ओर से साइट क्लीयरेंस और सॉइल टेस्टिंग प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके बाद नींव पत्थर रख डबल लेन पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। लगभग साल या डेढ़ साल के भीतर निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।