उधमपुर। यूटी कैपेक्स के तहत उधमपुर के सुई नाले पर 32.20 लाख की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरा किया जाएगा। इस योजना के पूर्ण होने से सुई नाले के आस-पास लोगों की जमीनें और आवासीय क्षेत्र बाढ़ से सुरक्षित हो जाएंगे।
जानकारी के अनुसार सुई नाला हर वर्ष बारिश के मौसम में उफान पर आ जाता है, जिससे आसपास के क्षेत्रों की जमीनों और संपत्ति को नुकसान होता है।
स्थानीय लोगों की लंबे समय से यह मांग थी कि नाले पर पक्के बांध और सुरक्षा तटबंधों का निर्माण कराया जाए ताकि उनकी मेहनत की कमाई और जमीनें सुरक्षित रह सकें। वहीं अब सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की तरफ से नाले के साथ लगते रिहायशी इलाके में भूमि कटाव की रोकथाम को लेकर सुरक्षा तटबंध बनाने का प्रयास शुरू किया गया है। स्वीकृत परियोजना के तहत नाले के दोनों किनारों पर तटबंध निर्माण, पत्थरों की दीवारें (क्रेट वर्क) जैसे कार्य किए जाएंगे।