किश्तवाड़। नागसेनी में कवाड़ हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक मजदूर काम करते हुए अचानक चिनाब नदी में गिर गया। हादसे के बाद प्रोजेक्ट क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। लापता मजदूर की पहचान 24 वर्षीय बिलाल अहमद के रूप में हुई है, जो कवाड़ पावर प्रोजेक्ट में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि वह नदी किनारे कार्य कर रहा था, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राजस्व विभाग, पावर प्रोजेक्ट प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि, नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। रेस्क्यू टीम लगातार क्षेत्र में खोज अभियान चला रही है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मजदूर की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।