उधमपुर। उधमपुर पूर्व के विधायक रणबीर सिंह पठानिया ने रविवार को 1.22 लाख रुपये की लागत से ऐतिहासिक जगानू तालाब की मरम्मत, नवीनीकरण और पुनरुद्धार के कार्य का शुभारंभ किया।
जगानू तालाब सदियों पुराना जल निकाय है, जो इस क्षेत्र की विरासत और सामुदायिक जीवन का प्रतीक है। इसके जीर्णोद्धार की लंबे समय से मांग चल रही थी।
इसके बाद देर शाम पठानिया ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत 1.30 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बन रहे सुमवाल-सरियाल चौवा सड़क के चरण-2 कार्य का भी उद्घाटन किया।
यह परियोजना सुरिंसर और मनवाल के बीच शॉर्टकट कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। जिससे यात्रा का समय कम होगा, स्थानीय गतिशीलता को बढ़ावा मिलेगा और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच में सुधार होगा।
पठानिया ने सार्वजनिक कार्यों के समयबद्ध और पारदर्शी निष्पादन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कहा कि उनका ध्यान बेहतर कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचे के विस्तार और स्थानीय विरासत के संरक्षण के माध्यम से एकीकृत ग्रामीण विकास पर बना रहेगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल सड़कें और संरचनाएं बनाना नहीं है, बल्कि लोगों को अवसरों, संस्कृति और प्रगति से जोड़ना है।
इस अवसर पर आशीष शर्मा (मंडल प्रधान), मोहिंदर शर्मा (मंडल प्रधान), पूरन चंद (डीडीसी सदस्य), पवन शर्मा, जोगिंदर शर्मा, सहदेव सिंह (पूर्व सरपंच) व अन्य उपस्थित थे।