शेर ए कश्मीर पुलिस अकादमी में कोर्स समापन समारोह में शामिल अधिकारी।
- फोटो : Udhampur news
उधमपुर। शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी उधमपुर में 'युवाओं में नशीले पदार्थों का बढ़ता खतरा-एनडीपीएस मामलों से निपटने और जांच में चुनौतियां' विषय पर तीन दिवसीय पाठ्यक्रम शनिवार को संपन्न हुआ। समापन समारोह में अकादमी के उप निदेशक एसएसपी बेनाम तोश मुख्य अतिथि थे।
अपने संबोधन में बेनाम तोश ने युवाओं में नशीली दवाओं के दुरुपयोग में चिंताजनक वृद्धि पर प्रकाश डाला और नशीले पदार्थों की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों और समुदाय द्वारा एक व्यापक और समन्वित दृष्टिकोण की आवश्यकता पर जोर दिया।
जम्मू और कश्मीर पुलिस की विभिन्न शाखाओं से कुल 21 प्रतिभागियों ने इस पाठ्यक्रम में भाग लिया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान, प्रख्यात संसाधन व्यक्तियों ने एनडीपीएस अधिनियम के कानूनी प्रावधानों, जांच तकनीकों, खुफिया जानकारी एकत्र करने और मादक पदार्थों से संबंधित मामलों में अभियोजन की चुनौतियों पर व्याख्यान दिए।
समापन समारोह के दौरान, मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को पाठ्यक्रम प्रमाण पत्र वितरित किए और प्रशिक्षण के दौरान उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की।