उधमपुर। ब्लाॅक रामनगर के सरकारी मिडिल स्कूल पूजी माता में शौचालय का निर्माण और तीन कक्षाओं का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके लिए 10.80 लाख की योजना स्वीकृत की गई है।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की तरफ से इस विकास कार्य को लेकर निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की शिक्षा सुविधा में बढ़ोतरी होगी और वे बिना किसी परेशानी के स्कूल में अपनी पढ़ाई पूरी कर पाएंगे।
वहीं स्कूल में किए जाने वाले इस विकास कार्य को लेकर अभिभावकों ने भी खुशी जताई है। स्थानीय बोध राज, सुदेश शर्मा, भरत वर्मा, विक्की सिंह व अन्य का कहना है कि स्कूल की कक्षाओं की हालत खराब होने के कारण बच्चों को काफी परेशानी पेश आ रही थी। इससे हादसों का भी खतरा बना हुआ था और इस डर से बच्चे ठीक से पढ़ भी नहीं पा रहे थे। इसलिए ग्रामीण काफी समय से इसकी हालत में सुधार लाने की मांग कर रहे थे। अब उम्मीद है कि जल्द ही स्कूल के क्लास रूम की हालत सुधरेगी और शौचालय की भी उचित व्यवस्था की जाएगी जिससे बच्चों को काफी राहत मिलेगी।
कोट
स्कूल में कमरों की हालत सुधारने और शौचालय के निर्माण कार्य को लेकर टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।इसके बाद जल्द ही आगे का काम भी पूरा किया जाएगा।
-कल्पना जसरोटिया, डिप्टी सीईओ