उधमपुर। जेकेआरटीसी की ई-बस के चालक और सवारी में बहस हो गई। इसके बाद महिला सवारी के परिजनों ने रास्ते में बस को रोककर हंगामा किया। मामला थाने पहुंचा तो दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
शुक्रवार दोपहर को ई-बस जम्मू से उधमपुर की तरफ आते हुए फलाटा क्षेत्र से आगे पहुंची तो एक महिला सवारी ने उसे बट्टल बालियां में उतारने को कहा। इस पर चालक ने समझाया कि बट्टल बालियां में उनका स्टाॅपेज नहीं हैं और उसे गोल मेला स्टाॅप पर उतार दिया गया। इस बात की शिकायत उक्त युवती ने अपने परिजनों से की और जब ई-बस उधमपुर पहुंची, तो वहां युवती के पिता ने अपनी कार को बस के आगे लगा दिया। चालक से बहस के बाद हाथापाई शुरू हो गई। मामला थाने पहुंचा और समझौते को लेकर भी बात हुई है।
वहीं इस संदर्भ में उधमपुर थाना के एसएचओ पूरब सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया है। इसलिए कोई कार्रवाई नहीं की गई।