फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: शहर की सड़कों की बदहाली ने बढ़ाई परेशानी, गड्ढे दे रहे हादसों को न्योता

विज्ञापन
विज्ञापन
उधमपुर। त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ जहां बाजारों में रौनक लौट आई है, वहीं शहर की जर्जर और टूटी सड़कों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जगह-जगह बने गड्ढे न केवल यातायात में बाधा डाल रहे हैं बल्कि हादसों को भी खुला निमंत्रण दे रहे हैं। स्थिति यह है कि मुख्य बाजारों से लेकर रिहायशी इलाकों तक सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। हर तरफ धूल, कीचड़ और गड्ढों का आलम है, जिससे त्योहारों की खुशियां लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही हैं।
विज्ञापन

यह सड़कें हैं अधिक बदहाल
शहर के एमएच से टाॅउन हाल सड़क, वार्ड 11 की संबल रोड, वार्ड 19 की रेहम्ती रोड, ओमाड़ा मोड़ लिंक मार्ग, सैरगाह रोड, भारत नगर रोड, सैलां तालाब सड़क, बट्टल बालियां सड़क, बस स्टैंड और जिला अस्पताल के आसपास की सड़कें सबसे अधिक क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। बीते काफी समय से इन सड़कों पर पड़े गड्ढों को अब तक भरने की जहमत प्रशासन ने नहीं उठाई है, जिसके चलते वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है।
2020 में सीवरेज के लिए उखाड़ी थी सड़कें
उल्लेखनीय है कि 2020 में कोरोना काल के दौरान शुरू हुए सीवरेज निर्माण कार्य के दौरान शहर की कई अहम सड़कों को उखाड़ा गया था, जिनकी आज तक सही ढंग से मरम्मत नहीं हुई है। यूईईडी ने कुछ सड़कों की मरम्मत भी करवाई, लेकिन मात्र पैच वर्क तक ही काम सीमित रहा। करीब दो साल पहले यूईईडी ने पीडब्ल्यूडी को जिम्मा सौंपते हुए सड़क की मरम्मत के लिए 4.38 करोड़ की राशि जारी की थी। इस पर बीते साल कुछ काम हुआ लेकिन ज्यादातर सड़कें दुरुस्त नहीं हो पाईं। बीते साल किया गया पैच वर्क भी समय के साथ उखड़ गया और सड़कें फिर से बदहाल हो गईं। वर्तमान में शहर की एक भी सड़क ऐसी नहीं है जिस पर गड्ढे न हों।
विज्ञापन


लोग बोले-कब गड्ढों से मुक्ति मिलेगी
अंकित शर्मा, शेखर शर्मा, गिरधारी लाल, मोहन लाल व अन्य शहरवासियों का कहना है कि पिछले काफी समय से सड़कों की मरम्मत की मांग उठाई जा रही है। कई बार स्थानीय नागरिकों ने सोशल मीडिया पर सड़क की तस्वीरें साझा कर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की, परंतु अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। परिणामस्वरूप आए दिन छोटे-मोटे हादसे हो रहे हैं। दोपहिया चालकों के फिसलने और पैदल चलने वालों के गिरने की घटनाएं आम हो गई हैं। बीते साल भी त्योहारी सीजन और चुनाव के समय दिखावे के लिए कुछ सड़कों पर पैच वर्क किया गया था लेकिन बड़ा सवाल यह है कि शहर की सभी सड़कों की हालत आखिर सुधरेगी कब, कब हमें गड्ढा मुक्त सड़कें नसीब होंगी?

कोट
शहर की सभी सड़कों की हालत सुधारने के लिए सिटी प्लान के तहत भेजे गए 3 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने का इंतजार है। फिलहाल पहले का शेष जो काम बचा था उसे ही पूरा किया जाएगा। इसके तहत सैलां तालाब, बटटल बालियां चौक और आसपास की सड़कों पर कुछ तारकोल बिछाने और पैच वर्क का काम आज से शुरू कर दिया गया है।
विज्ञापन

-एईई रोहित गुप्ता लोक निर्माण विभाग
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें