उधमपुर। करवाचौथ को लेकर बाजार पहले से ही ग्राहकों से गुलजार हो उठे हैं और महिला खरीददारों की भारी भीड़ ने पूरे उधमपुर को त्योहारी उमंग से भर दिया है। बाजारों में हर ओर चुड़ियों, कपड़ों, चप्पलों, गहनों व अन्य साज-श्रंगार की चीजों की खूब खरीददारी हो रही है।
बाजारों में ग्राहकों को लुभाने के लिए कई तरह के आकर्षक उपहार और ऑफर दिए जा रहे हैं। दुकानों से लेकर रेहड़ियों व सब्जी तक की दुकानों पर व्रत से संबंधित सामग्री व अन्य चीजों की बिक्री हो रही है। मेहंदी लगवाने और साज सज्जा के लिए ब्यूटी पार्लर पर एडवांस बुकिंग हो गई है। लगभग सभी दुकानों पर ग्राहकों की अत्यधिक भीड़ जुट रही है और दुकानदार कामकाज में व्यस्त नजर आ रहेे हैं।
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम
मुखर्जी बाजार में वाहनों के प्रवेश पर रोक
खरीददारी के लिए मशहूर मुखर्जी बाजार में भारी भीड़ के बीच ट्रैफिक सुव्यवस्था को बनाए रखने के लिए बुधवार सुबह से ही इसके दोनों प्रवेश द्वारों पर बेरीकेड्स लगाकर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। पुलिस के मुताबिक करवाचौथ तक यह रोक जारी रहेगी ताकि पैदल खरीदारों को सुविधा मिल सके और कोई अव्यवस्था न हो। जगह-जगह ट्रैफिक विभाग के कर्मी तैनात हैं, ताकि बाजार में जाम न लगे और किसी तरह की परेशानी न हो। त्योहारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। सभी प्रमुख बाजारों में पुलिस कर्मी गश्त कर रहे हैं।
दुकानदारों के चेहरे खिले
बढि़या मौसम के बीच हो रहे बढि़या कारोबार से दुकानदारों के चेहरे भी खिल गए हैं। बुधवार को भी कपडे, मनियारी, जूते-चप्पल, हलवाई, स्वर्णकार, इलेक्ट्रानिक्स, उपहार, पन्सारी आदि सभी दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ नजर आई। महिलाएं करवाचौथ की पूजा के लिए सोलह शृंगार का सामान खरीदने में व्यस्त रहीं। लंबे समय बाद इस तरह की रौनक देख स्थानीय व्यापारी बेहद उत्साहित हैं। सोमराज अत्री, रोमेश कुमार, शेखर शर्मा, दीपक गुप्ता व दुकानदारों का कहना है कि करवाचौथ के मौके पर इस बार बिक्री में लगभग 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखी गई है। कपड़ों से लेकर साज-सज्जा के सामान तक हर दुकान पर ग्राहकों की भीड़ लग रही है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बाजारों में भीड़भाड़ के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग दें। साथ ही, सभी दुकानदारों से यह भी आग्रह किया गया है कि वे निर्धारित दरों पर ही सामान बेचें और ग्राहकों से शालीन व्यवहार बनाए रखें।