उधमपुर। उधमपुर से जम्मू के बीच चलने वाली एक ई-बस के चालक पर महिलाओं ने ताने देने का आरोप लगाया है। इस बात से भड़के स्वजनों व अन्य स्थानीय लोगों ने बस को रुकवाया और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत करवाया।
स्थानीय यशपाल शर्मा ने बताया कि उनकी एक बेटी अपना एग्जाम देने के लिए ई-बस पर सवार होकर जम्मू गई थी लेकिन इस दौरान बस के अंदर चालक की किसी सवारी से बहसबाजी शुरू हो गई और जब हमारी बेटी ने उन्हें मामला शांत करने को कहा तो चालक उक्त सवारी से बहसबाजी छोड़ हमारी बेटी को ताने सुनाने लगा। बेटी चुप रही लेकिन चालक रास्ते भर उसे फ्री बस में अकारण सफर करने के ताने सुनाता रहा। इस बीच उसके साथ बैठी एक सहेली ने भी चालक को चुप रहने को कहा लेकिन वह नहीं माना और उसने बेटी को इस हद तक ताने सुनाए कि वे घर आकर फूट-फूट कर रोने लगी।
यशपाल व अन्य स्वजनों ने कहा कि हम इस तरह की बदतमीजी बिल्कुल भी सहन नहीं करेंगे। सरकार ने महिला सशक्तीकरण के नाम पर महिलाओं को फ्री बस सेवा तो दी है लेकिन इनके चालक और सहचालक आए दिन महिलाओं को इस फ्री बस सेवा के ताने सुनाते हैं और उनसे दुर्व्यवहार करते हैं । इसलिए सरकार से हमारी अपील है कि या तो इस फ्री बस सेवा को बंद कर दे या फिर इन बसों में महिलाओं के मान-सम्मान और गरिमा को बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाएं।