उधमपुर। ब्लाक चनूनता की पंचायत पंजग्राईं में ब्लाॅक भवन के समीप अंडर ग्राउंड वाटर टैंक और किचन सुविधा के साथ सामुदायिक भवन बनाने का काम जल्द पूरा किया जाएगा। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग 18.48 लाख की लागत से इस काम को पूरा करेगा। इसके लिए टेंडर हो चुका है।
इसके बनने से ग्रामीणों को सार्वजनिक समारोह व अन्य आयोजनों के लिए काफी सुविधा मिलेगी। वे बारिश और तेज धूप की चिंता किए बिना अब आराम से अपना समारोह आयोजित कर पाएंगे।
स्थानीय निवासी विक्रम शर्मा, निर्मल सिंह, दीपक कुमार, बिट्टू राम व अन्य ने कहा कि पंचायत में बनने वाले सामुदायिक भवन से समारोह के आयोजन में काफी राहत मिलेगी। पहले समारोह के आयोजन के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जगह को लेकर भी परेशानी बनी रहती है। इसके साथ ही पानी और किचन के लिए भी अलग से प्रबंध करना पड़ता है। बीते कई सालों से यहां एक सुविधाजनक कम्यूनिटी हाल बनाने की मांग की जा रही थी। वहीं अब यहां सामुदायिक भवन बनने से इन सभी परेशानियों से राहत मिलेगी। इस भवन में किचन और अंडर ग्राउंड वाटर टैंक की सुविधा भी होगी।
वहीं इसको लेकर ग्रामीण इंजीनियरिंग विंग के एक्सईएन मो. अनवर का कहना है कि पंचायत पंजग्राईं में सामुदायिक भवन बनाने का काम जल्द पूरा किया जाएगा। इस काम के लिए 18.48 लाख का टेंडर जारी हुआ है।