किश्तवाड़। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर भाजपा के जिला कार्यालय भी पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किश्तवाड़ से जुड़ी कई पुरानी यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि पुराने समय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में भी संगठन को मजबूत करने के लिए निस्वार्थ भाव से काम किया, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कई स्थानीय और संगठनात्मक मांगें भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी गईं। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि इन मांगों को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ मांगें तत्काल पूरी की जा सकती हैं, जबकि कुछ विषयों पर संबंधित विभागों से विचार-विमर्श कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। पार्टी नेतृत्व हमेशा कार्यकर्ताओं की आवाज को गंभीरता से सुनता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनसेवा, संगठन विस्तार और विकास के कार्यों में इसी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ते रहें।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ज्यादातर पावर प्रोजेक्ट्स इस समय प्रगति पर हैं और कार्य लगातार चल रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ परियोजनाएं लगभग पूर्ण होने की स्थिति में हैं, जबकि कुछ स्थानों पर करीब तीन प्रतिशत कार्य अभी शेष है, जिसका वे स्वयं आगे जाकर निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि हर परियोजना में कुछ न कुछ तकनीकी और प्रशासनिक कठिनाइयां आती हैं, जो स्वाभाविक है, लेकिन ऐसे मामलों में संबंधित विभागों के हितों और जनहित को ध्यान में रखते हुए समाधान निकाला जाता है, ताकि कार्य प्रभावित न हो। केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिलाया कि इन सभी चुनौतियों को दूर करने के लिए व्यावहारिक और संतुलित रास्ता अपनाया जा रहा है, जिससे पावर प्रोजेक्ट्स का कार्य समयबद्ध और सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।