किश्तवाड़। जिले के छात्रू उपमंडल के नाइदगाम क्षेत्र के कालाबन वन क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन भी सुरक्षा बलों ने आतंकियों की तलाश में अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच इसी वन क्षेत्र में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे उपचार के लिए उधमपुर स्थित नार्दर्न कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि इस समय करीब दो से तीन आतंकवादी इस क्षेत्र में सक्रिय बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह क्षेत्र कश्मीर के अनंतनाग जिले की सीमा से सटा हुआ है, जिस कारण यहां से घुसपैठ की घटनाएं समय-समय पर होती रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि ये आतंकी कहां रहते हैं, कौन इन्हें सहयोग देता है और इनके पीछे कौन से स्थानीय या बाहरी नेटवर्क ओजीडब्लू सक्रिय हैं। तलाशी अभियान और जांच जारी है तथा सुरक्षा बल किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।