चिनैनी। पटनीटॉप में नववर्ष मनाने के लिए सैलानी उत्सुक हैं लेकिन उनमें निराशा का माहौल भी है, क्योंकि अभी तक बर्फबारी नहीं हुई। इसलिए वे नए साल का स्वागत करने के लिए बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं।
जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में बर्फबारी होते ही रौनक बढ़ जाती है मगर अभी तक कुदरत मेहरबान नहीं हो पाई जिस कारण नत्थाटाप, सनासर व पटनीटॉप में कम ही सैलानी पहुंच रहे हैं। उन्हें इस बात का मलाल है कि वह ताजा हिमपात को नहीं देख पा रहे हैं।
दिल्ली से आए सैलानी बृजेश कुमार, अमित सिंह तथा लुधियाना की सोनाली ने कहा कि वह मौसम के बदलते मिजाज के बाद यहां आए लेकिन उन्हें हरे भरे पेड़ों के अलावा हिमपात नहीं दिखा। सैलानी इसी आस को लेकर पटनीटॉप का रुख करते हैं लेकिन इस बार निराशा हाथ लगी है। उधर, कारोबारी अशोक सिंह और दीपक ने कहा कि कई सैलानी श्रीनगर का रुख कर रहे हैं। यदि नए साल से पहले हिमपात हो जाता है तो सैलानियों का जमावड़ा लग जाएगा। हर किसी की नजर आसमान पर टिकी है कि कब कुदरत मेहरबान हो और हिमपात का तोहफा दे।