चिनैनी। जिला रामबन के बटोत के कोठरी गांव से श्री माता वैष्णो देवी के लिए पैदल छड़ी यात्रा निकाली गई। यात्रा सोमवार सुबह चिनैनी से आगे की ओर बढ़ी। यात्रा के प्रधान सुखदेव ने बताया कि वर्ष 1990 से कोठरी गांव से पैदल छड़ी यात्रा निकाली जा रही है, जो 35वें वर्ष भी लगातार जारी है। शुरुआत में कुछ लोग ही छड़ी लेकर निकले थे, लेकिन सोमवार को इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हो चुके हैं, जो हर वर्ष श्री माता वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचकर हाजिरी लगाते हैं।
यात्रा करवा चौथ के तीसरे दिन कोठरी गांव से निकाली जाती है, जो चिनैनी से होते हुए उधमपुर के सुंदरानी के बाद श्री माता वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचती है। वहां पर श्रद्धालु दर्शन करने के बाद अगले दिन वापस लौट आते हैं। पैदल छड़ी यात्रा के दौरान श्रद्धालु हाथों में धार्मिक ध्वज लिए हुए थे और माता के जयघोष लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।