चिनैनी। कस्बे में खेल का मैदान न होने के कारण खिलाड़ियों को कई तरह की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। युवा खिलाड़ी गली में ही क्रिकेट खेलने को मजबूर हैं। उनका बड़े मैदान में खेलने का सपना ही रह गया है।
स्थानीय खिलाड़ी राकेश कुमार, संदीप सिंह, संजय कुमार ने कहा कि मात्र एक ही खेल मैदान कस्बे में मौजूद है और वह भी हायर सेकेंडरी स्कूल का मैदान है। यहां खेलने के लिए पहले परमिशन लेनी पड़ती है और कई बार सरकारी कार्यक्रम के चलते उनका खेल भी स्थगित हो जाता है। कई युवा खिलाड़ी अपने खेल का मनोरंजन करने के लिए गली में ही खेलते हैं लेकिन उनका भी सपना रहता है कि वह भी बड़े मैदान पर खेल कर अपने खेल को दर्शा सकें।
खिलाड़ियों का यह भी कहना है कि सब डिविजनल मुख्यालय होने के बावजूद अभी भी चिनैनी क्षेत्र में खेल मैदान की सुविधा नहीं मिल पाई है। खिलाड़ियों ने खेल मंत्री सतीश शर्मा से अपील की है कि चिनैनी क्षेत्र की ओर भी ध्यान दें। यहां खिलाड़ी खेलने के लिए भी तरसते हैं और कई खिलाड़ियों को खेलने के लिए मक्की के खेत खाली होने का इंतजार करना पड़ता है।