उधमपुर। अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की अदालत ने हिंदू विवाह अधिनियम के तहत दायर याचिका को उसके मूल नंबर और चरण पर बहाल करने का आदेश जारी किया है, जो 8 अक्तूबर 2025 को गैर-हाजिरी के कारण खारिज कर दी गई थी।
अदालत ने मामले की गंभीरता और न्याय के सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला सुनाया ताकि विवाद का निस्तारण तकनीकी आधार पर न होकर गुण-दोष के आधार पर किया जा सके।
मामला मजालता के याचिकाकर्ता व प्रतिवादी उसकी पत्नी से जुड़ा है। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने अदालत में पक्ष रखते हुए स्पष्ट किया कि 8 अक्तूबर 2025 को याचिकाकर्ता का अदालत में उपस्थित न हो पाना किसी जानबूझकर की गई लापरवाही का परिणाम नहीं था, बल्कि अपरिहार्य परिस्थितियों और कारणवश हुआ था। अदालत ने पेश किए गए हलफनामे और तर्कों पर संतोष व्यक्त करते हुए अनुपस्थिति के कारणों को पर्याप्त माना और बहाली आवेदन को स्वीकार कर लिया। दूसरी ओर अदालत द्वारा बार-बार पुकारे जाने और पूर्व में विधिवत नोटिस भेजे जाने के बावजूद प्रतिवादी अथवा उनके पक्ष से कोई भी अदालत में उपस्थित नहीं हुआ। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए अदालत ने प्रतिवादी के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई चलाने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही मुख्य फाइल को रिकॉर्ड रूम से मंगाने के निर्देश देते हुए मामले की अगली सुनवाई 5 जनवरी 2027 तय की गई है।