उधमपुर। जिला उधमपुर में ग्रामीण बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और संपर्क मार्गों की स्थिति सुधारने की दिशा में प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। डिप्टी कमिश्नर अनंत द्विवेदी ने बैठक की अध्यक्षता कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और लोक निर्माण विभाग के तहत चल रहे विभिन्न सड़क निर्माण एवं सुधार कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
विज्ञापन
डिप्टी कमिश्नर ने बैठक के दौरान सड़क परियोजनाओं का चरणवार और कार्यवार जायजा लिया। इस दौरान निष्पादन के चरण, भौतिक और वित्तीय प्रगति, पूर्ण तथा जारी कार्यों, लंबित परियोजनाओं और निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं पर गहन चर्चा की गई। डीसी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों को काम में तेजी लाने, पर्याप्त मैदानी अमला तैनात करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने के कड़े निर्देश दिए।