उधमपुर। शहर के मेन बाजार में सड़क पर मानकों के विपरीत तारकोल बिछाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। व्यापार मंडल और शहरवासियों को विरोध के बाद अधिकारियों ने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिए थे कि सड़क को नियमानुसार दोबारा बनाया जाए। निर्देश के बाद वीरवार सुबह मेन बाजार में फिर से तारकोल बिछाने का काम शुरू किया गया।
बता दें कि मंगलवार रात को जल्दबाजी में तारकोल डाली गई थी जो सुबह होते-होते कई जगह से उखड़ गई थी। स्थानीय दुकानदारों ने इस पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने बताया था कि रात के अंधेरे में बिना लेवल के तारकोल डाल दी गई, जिससे सुबह पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। दोबारा काम शुरू होने से दुकानदारों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि काम की गुणवत्ता की निगरानी के लिए विभाग का कोई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे ताकि दोबारा ऐसी लापरवाही न हो।