उधमपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के मद्देनजर उधमपुर पुलिस की ओर से शहर के शहीद चौक पर एक भव्य पुलिस बैंड डिस्प्ले का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना तथा नागरिकों के बीच एकजुटता व भाईचारे के संदेश को मजबूत करना था। कार्यक्रम के दौरान पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति की धुनों ने वहां मौजूद लोगों में सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों और उनके सपनों के भारत की यादें ताजा कर दीं। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।