उधमपुर। विधायक पवन गुप्ता ने कहा कि नवरात्र, दशहरा और दिवाली के मद्देनजर शहर में बिजली का न्यूनतम शटडाउन हो, इसके लिए विभाग को निर्देश दिए गए हैं। वह वीरवार को बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
गुप्ता ने कहा कि बिजली आपूर्ति के लिए तीन डिवीजन दिन-रात काम कर रहे हैं। ट्रांसमिशन जो हाई वोल्टेज संभालता है, सब ट्रांसमिशन जो 33 केवी तक की लाइन देखता है और मेंटेनेंस डिवीजन जो घरों तक बिजली पहुंचाता है। केंद्र सरकार की आरडीएसएस योजना के तहत पुराने इंफ्रास्ट्रक्चर को बदला जा रहा है। देविका में सभी पैनल बदले जा चुके हैं, करोड़ों रुपये के नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इसलिए शटडाउन लेना पड़ता है, लेकिन त्योहारों तक अधिकारियों को कहा गया है कि शाम के समय सप्लाई बाधित न हो।
सड़कों की खुदाई पर विधायक ने कहा कि उधमपुर शहर में 124 करोड़ रुपये का जलापूर्ति प्रोजेक्ट चल रहा है। पानी की लाइन अंडरग्राउंड हो जाएगी, इसलिए सड़क टूटेगी और फिर उसे ठीक भी किया जाएगा। उन्होंने माना कि ठेकेदार बाहर के हैं, राजस्थान के ठेकेदार को काम मिला है। उसकी तकनीकी और वित्तीय क्षमता उम्मीद से कम है, मशीनरी पूरी नहीं है। इसको लेकर 10 से ज्यादा पत्र लिखे जा चुके हैं, पत्र सार्वजनिक भी करूंगा।
गुप्ता ने कहा कि मिट्टी खोदने के बाद बैठने में समय लगता है, तुरंत ब्लैक टॉप करने पर सड़क धंस जाती है। 2015 में भी शहर को चमकाया था, फिर से चमकाएंगे। शहर के गड्ढों के लिए शॉर्ट टर्म टेंडर लगाने को कहा है। बिटुमिन की सप्लाई ईरान-अमेरिका विवाद के कारण कम हुई है, जिससे टेंडर में दिक्कत आ रही है।
उन्होंने बताया कि अमृत योजना को लेकर जम्मू में मिशन डायरेक्टर विकास शर्मा के साथ बैठक करवाई गई है। सभी काम ठीक होंगे, दुकानदार बंधुओं से सहयोग की अपील है। अगर ठेकेदार ने काम तेज नहीं किया तो अनुबंध रद्द कर उसके रिस्क एंड कॉस्ट पर नया टेंडर लगाया जाएगा।