उधमपुर। पर्यावरण संरक्षण और शहर में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से संत निरंकारी मिशन की उधमपुर शाखा की ओर से रविवार को विशेष पौधरोपण अभियान चलाया गया। ‘हार्मनी विद नेचर’ यानी प्रकृति के साथ सामंजस्य अभियान के तहत रेलवे कॉलोनी और आरपीएसएफ कमांडिंग ऑफिसर के क्वार्टर के पास विभिन्न प्रजातियों के 250 से अधिक पौधे लगाए गए। अभियान में निरंकारी सेवादल के सदस्यों ने भाग लिया।
पौधरोपण अभियान का शुभारंभ सुबह करीब साढ़े 11 बजे संत निरंकारी सत्संग भवन उधमपुर के संयोजक महात्मा रतन लाल बमोत्रा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर आरपीएसएफ के कमांडिंग ऑफिसर जय आनंद बहुगुणा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अभियान के दौरान सेवादल के सदस्यों ने निर्धारित स्थानों पर पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया।
महात्मा रतन लाल बमोत्रा ने कहा कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के दिशा-निर्देश में देशभर में पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में उधमपुर में भी पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इसके माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।