उधमपुर। जिला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए क्रिमची नाका चेकिंग के दौरान 600 बोतल अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
विशिष्ट सूचना के आधार पर थाना उधमपुर की पुलिस टीम ने क्रिमची में नाका लगाया। चेकिंग के दौरान वाहन को रोका गया। तलाशी में वाहन से 50 पेटियों में रखी 600 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। शराब को अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। पकड़े गए ड्राइवर की पहचान जगदीश राज निवासी पट्टियां घर अखनूर के रूप में हुई है। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और वाहन जब्त कर लिया गया। इस संबंध में थाना उधमपुर में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब जांच कर रही है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और किसे सप्लाई होनी थी। बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं।