समरोली में जनता दरबार के दौरान लोगों की समस्याएं सुनते विधायक।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर/चिनैनी। चिनैनी विधानसभा क्षेत्र के समरोली में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया की अध्यक्षता में जनता की समस्याओं को सुना गया। सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
दरबार के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क, बिजली, पानी, राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य जनसमस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। मनकोटिया ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विधायक ने जनता की मांग को देखते हुए मौके पर ही 10 लाख रुपये की घोषणा भी की, जिससे क्षेत्रीय विकास कार्यों को गति मिलेगी। दरबार में सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं, वहीं बिजली और पानी की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने विधायक की सराहना करते हुए कहा कि यह पहली बार है जब किसी विधायक ने सभी विभागों के अधिकारियों को साथ लेकर जनता दरबार लगाया है। इससे जनता को अपनी बात सीधे रखने का मौका मिला। इस मौके पर डीडीसी सुभाष चंद्र, तहसीलदार, एसडीएम, जगदेव जग्गा, पूर्व सरपंच, पंच आदि मौजूद रहे।