उधमपुर। उधमपुर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में बीते दिनों हुए भारी हंगामे और विधायक के साथ नोकझोंक के मामले को प्रदेश सरकार ने गंभीरता से लिया है। बुधवार को सरकार ने इस पूरी घटना और सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो की समयबद्ध जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। इस जांच के लिए जीएमसी जम्मू के प्रिंसिपल प्रो. आशुतोष गुप्ता को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे। उन्हें 27 जनवरी को वीडियो प्रसारित होने से संबंधित घटनाओं की परिस्थितियों, घटनाक्रम और प्रशासनिक एवं सुरक्षा चूक की विस्तृत जांच करने का निर्देश दिया गया है।
इस पूरे विवाद की जड़ 25 जनवरी की रात की वह दुखद घटना है जब आपातकालीन स्थिति में पहुंचे एक मरीज की समय पर इलाज न मिलने के कारण मौत हो गई। परिजन की शिकायत और चिकित्सा व्यवस्था की बदहाली की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक पवन गुप्ता प्रशासनिक अमले के साथ जीएमसी के औचक निरीक्षण पर पहुंचे थे। विधायक को वहां इमरजेंसी वार्ड में रोस्टर के मुताबिक तैनात होने वाले डॉक्टरों के बजाय केवल एक जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर ही ड्यूटी पर मौजूद मिला। विधायक ने मौके पर ही नाराजगी जाहिर की और करीब डेढ़ घंटे तक धरने पर बैठकर अनुपस्थित डॉक्टरों को बुलाने की मांग की लेकिन कोई भी डॉक्टर उपस्थित नहीं हुआ।
मंगलवार को इस घटना के संदर्भ में विधायक पवन गुप्ता ने एडीसी और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जीएमसी प्रबंधन और डॉक्टरों के साथ एक समीक्षा बैठक बुलाई। जीएमसी के कॉन्फ्रेंस हाॅल में विधायक ने मरीज की मौत पर जवाब तलब करना चाहा तो डॉक्टर भड़क गए। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में स्पष्ट देखा गया कि डॉक्टरों ने न केवल बहस की बल्कि विधायक के हाथ से माइक छीनने का प्रयास भी किया। हालांकि, बाद में डॉक्टरों ने संस्थान में बुनियादी सुविधाओं और मैनपावर की भारी कमी का हवाला देते हुए अपनी मजबूरियां गिनाईं। हालांकि, विधायक और एक असिस्टेंट प्रोफेसर की ओर से मंगलवार शाम ही सोशल मीडिया के माध्यम से अपने-अपने स्तर पर मामले को लेकर स्पष्टीकरण दे दिया था।
जांच के दायरे में होगी सुरक्षा और प्रशासनिक चूक
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. सैयद आबिद रशीद शाह द्वारा जारी आदेश के अनुसार जांच अधिकारी प्रो. आशुतोष गुप्ता 27 जनवरी को वीडियो प्रसारित होने की परिस्थितियों, घटनाक्रम और इस दौरान हुई प्रशासनिक व सुरक्षा चूक की गहन जांच करेंगे। यह आदेश ऐसे समय में आया है जब राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इस घटना की कड़ी निंदा की जा रही थी। यह जांच न केवल डॉक्टरों के व्यवहार पर केंद्रित होगी बल्कि संस्थान की उस कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाएगी जिसकी वजह से एक कीमती जान चली गई। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि इस जांच के बाद जीएमसी उधमपुर की चिकित्सा व्यवस्था में ठोस सुधार होगा।
-
जीएमसी प्रशासन ने माफी नहीं मांगी तो केस दर्ज करवाएंगे : विधायक
विधायक पवन गुप्ता ने कहा कि जीएमसी में डाॅक्टरों की गैर मौजूदगी के मामले पर जबावदेही तय करने के लिए आयोजित समीक्षा बैठक में डाॅक्टरों का रवैया काफी चिंताजनक रहा। इसको लेकर जीएमसी प्रशासन उधमपुर से बिना शर्त लिखित में माफी की मांग की गई है। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो मजबूरन हमें पुलिस में मामला दर्ज करवाना पडे़गा। विधायक ने दावा किया है कि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री की तरफ से जीएमसी प्रशासन के खिलाफ जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
-==============:::::::::::
अस्पताल में सख्त ड्यूटी सिस्टम लागू करने की मांग
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जनता की प्रतिक्रिया भी खासा तीखी है। स्थानीय निवासी राजकुमार, परमदीप सिंह, अखिल गुप्ता, सोहनलाल शर्मा, सतपाल वर्मा व अन्य स्थानीय निवासियों का कहना है कि जीएमसी उधमपुर में अव्यवस्था और लापरवाही कोई नई बात नहीं हैं। जब एक जनप्रतिनिधि द्वारा सवाल उठाने पर भी स्थिति टकराव तक पहुंच जाती है तो आम मरीज अपनी शिकायत किसके सामने रखेंगे। जीएमसी में किसी भी तरह की लापरवाही सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। इसलिए जरूरी है कि अस्पताल में ड्यूटी सिस्टम को सख्ती से लागू किया जाए। अनुपस्थित रहने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों पर ठोस कार्रवाई हो और मरीजों की शिकायतों के निवारण के लिए एक पारदर्शी और प्रभावी तंत्र बनाया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित ऑडिट, सीसीटीवी निगरानी और बायोमीट्रिक उपस्थिति प्रणाली को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए।
कांग्रेस पार्टी विधायक पवन गुप्ता के साथ : मगोत्रा
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमित मगोत्रा ने कहा कि यह मामला किसी एक पार्टी से जुड़ा नहीं है बल्कि यह जनप्रतिनिधियों और आम जनता के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है। किसी भी अधिकारी या डाॅक्टर को यह अधिकार नहीं है कि वह जनता द्वारा चुने गए विधायक के साथ गलत व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि विधायक पवन गुप्ता की ओर से समस्या को लेकर सवाल उठाना बिल्कुल सही कदम था। कांग्रेस पार्टी इसका पूर्ण समर्थन करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि डाॅक्टरों या किसी भी अधिकारी द्वारा की जाने वाली बदतमीजी को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डाॅक्टरों की सफाई या बयानबाजी की जरूरत नहीं है, उनका मुख्य काम जनता को 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
जीमएसी में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी जानलेवा : विधायक बलवंत सिंह
विधायक बलवंत सिंह ने भी घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि डाॅक्टर का धैर्यवान होना परम आवश्यक है। अगर वे समीक्षा बैठक में विधायक के किसी सवाल पर आपे से बाहर होकर विधायक से बदसलूकी करते हैं तो यह काफी चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पवन गुप्ता एक जनप्रतिनिधि हैं और वे किसी भी क्षेत्र में हो रही लापरवाही पर अधिकारियों से सवाल कर सकते हैं। अगर कोई अधिकारी सवाल पूछने पर विधायक को ही आंखें दिखाए तो मेरी राय में ऐसे अधिकारी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। घटना का गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए।